डर के कारण वे अपना घर बेच कर कहीं और जाने को मजबूर हैं. सन्नी गुप्ता के पिता गोपाल पटना में गोपाल बैंड के मालिक हैं. उनका कहना है कि “मैं 28 वर्षों से इस मकान में पूरे परिवार के साथ रह रहा हूँ. इस मकान के साथ कई सारी यादें जुड़ी हुई हैं लेकिन जिस मोहल्ले में मेरा परिवार ही सुरक्षित नहीं है, वहाँ रहकर क्या करुँगा?” घटना की जानकारी देते हुए गोपाल ने बताया कि पुलिस ने परिवार की सुरक्षा के नाम पर 4 लाठीधारी होमगार्ड को तैनात किया है.
ऐसे में अगर परिवार पर हमला होता है तो ये लाठीधारी आखिर कैसे उनकी परिवार की सुरक्षा करेंगे? इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है. माहौल को देखते हुए बड़ी संख्या में जिला प्रशासन ने इलाके में पुलिस फोर्स को तैनात कर रखा है. मुख्य आरोपित मोहम्मद चाँद की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज वार्ड नंबर 60 की पार्षद शोभा देवी और पूर्व पार्षद बलराम चौधरी अपने समर्थकों के साथ उपवास पर बैठे हुए हैं.
इन लोगों की माँग है कि प्रशासन तत्काल मुख्य आरोपित चाँद की गिरफ्तारी करे, पीड़ित परिवार को मुआवजा और सुरक्षा दे और मृतक की पत्नी को नौकरी दे. बता दें कि सन्नी गुप्ता को बीते सोमवार को उस वक्त गोली मारी गई थी कि जब वे घर की बालकनी में बैठे थे. आरोप है कि सोमवार शाम को स्थानीय युवकों और एनसीसी कैडेट्स के बीच लॉकडाउन का पालन करने को लेकर विवाद हो गया.
इसके बाद स्थानीय युवकों ने कैडेट्स पर पथराव करते हुए फायरिंग की. एक गोली बालकनी में बैठे सन्नी गुप्ता के सिर में जाकर लग गई. जिसके बाद उन्होंने देर रात अस्पताल में दम तोड़ दिया. इसके बाद जब सन्नी की शवयात्रा निकाली गई तो उस पर भी कुछ लोगों ने पथराव किया था. इसके बाद से ही इलाके में तनाव बना हुआ है. इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने 100 से अधिक पुलिस फोर्स को इलाके में तैनात किया है.
वहीं मृतक के भाई ने 6 नामजद सहित 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस ने पाँच नामजद हसनैन, शाहजहाँ, अबुल नासिर, अंजुम और जैनब हाशमी को गिरफ्तार कर लिया है. मुख्य आरोपी मोहम्मद चाँद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है.










