गम्हरिया: गम्हरिया थाना क्षेत्र में सोमवार की दोपहर तेज हवा और बारिश के कारण बेलवा पंचायत के सकवा बूट निवासी बिहारी यादव, ललित कुमार एवं गोलू कुमार बुरी तरह से घायल हो गए.
आसपास के लोगों ने बताया कि तेज हवा और बारिश के कारण यह तीनों एक पेड़ के नीचे छुपे हुए थे. आँधी के कारण पेड़ टूटकर गिर गया. जिसके नीचे तीनों दब गये.
आंधी शांत होने के बाद ग्रामीणों ने इन तीनों को किसी तरह पेड़ के नीचे से निकाला और इलाज के लिए गम्हरिया पीएचसी लेकर गये. पीएचसी प्रभारी डी एन चौधरी ने बताया कि दो व्यक्तियों की हालत गंभीर है.
इसलिए दोनों को रेफर किया जा रहा है. ग्रामीण क्षेत्रों में आंधी ने इस कदर तबाही मचाई है कि सभी लोगों के घर बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं. बताते चलें कि पीड़ित बैजनाथ दास का भागवत चौक स्थित घर क्षतिग्रस्त हो गया.
उनके घर में रखे सभी सामान भी इस चपेट में आ गए. सभी पीड़ितों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है.
(रिपोर्ट:- मिथिलेश कुमार)









