मधेपुरा: सदर थाना क्षेत्र के वराही गांव में बुधवार को गंदा पानी फेंकने के विवाद में मारपीट के दौरान एक 65 वर्षीय महिला की मौत हो गयी. परिजनों ने पड़ोस के लोगों पर पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थानीय लोगों से मामले की जानकारी.
घटना को लेकर मृतक गुलाबी देवी के पुत्र अरुण साह का कहना है कि वह घर के आगे किराना की एक छोटी सी दुकान चलाता है. करीब साढ़े 11 बजे के पड़ोस के एक व्यक्ति ने घर के चापाकल के आगे जमा गंदा पानी और कचरा उसकी दुकान के आगे फेंक दिया. इसका विरोध करने पर वह गाली- गलोज और मारपीट करने पर उतारू हो गया.
इसी बीच उसके परिवार के कई अन्य लोग वहां पहुंच गए. उन लोगों ने उसके और उसकी मां के साथ लाठी- डंडे से मारपीट शुरू कर दी. मारपीट करने से उसकी मां की मौके पर ही मौत हो गयी. सूचना पर थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी ली.
थानाध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. महिला के शरीर पर जख्म का निशान नहीं पाया गया है. मृतक के परिजनों का आरोप है कि उसके पड़ोसी बलराम स्वर्णकार सहित उनके परिवार के लोगो ने लाठी डंडे से पीट पीट कर हत्या कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मामला का खुलासा होगा.
बताया गया कि गांव में चर्चा है कि 22 अप्रैल को मृतक महिला के पुत्र अरुण साह की दुकान पर रविन्द्र स्वर्णकार के पिता शत्रुघ्न स्वर्णकार को किसी बात को लेकर विवाद हुआ था जिसमें उनकी मौत हो गयी थी. चर्चा है कि इस मामले में समझौता हो गया था.
परिवार के आवेदन पर पुलिस ने युडी केस दर्ज किया था. ग्रामीण महिला की मौत को इसी घटना से जोड़कर देख रहे हैं. थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना को लेकर मामला दर्ज नहीं हो सका है.









