डेस्क : बिहार के कई जिलों में गुरुवार को दोपहर बाद हुई से तेज बारिश व आकाशीय बिजली गिरने से अब तक 22 लोगों की मौत की जानकारी मिल रही है। जबकि दो दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की भी बात कही जा रही है। वज्रपात में मधेपुरा जिले के मुरलीगंज से भी एक व्यक्ति की मौत खबर आ रही है।
जानकारी के अुनसार, मुरलीगंज के प्रखंड क्षेत्र के जोरगामा वार्ड चार निवासी 40 वर्षीय शम्भु मोदी की मौत हो गई। वे खेत में भैंस चरा रहे थे। ठनका गिरने से वह पूरी तरह झुलस गया। इसके बाद आनन-फानन में उसे मुरलीगंज पीएचसी ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
अबत क पूर्वी चम्पारण में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से जहां तीन लोगों की मौत होने की खबर है, वहीं पश्चिम चंपारण में एक व्यक्ति की मौत हुई है। इसके अलावा शिवहर में दो, पटना के में छह, कटिहार जिले में दो तथा समस्तीपुर में आठ लोगों के मरने की सूचना है।
मौसम विभाग की ओर से लोगों को कहा गया है कि मेघगर्जन के साथ हो रही बारिश के दौरान घर से बाहर नहीं निकलें। खासतौर से खेतो में काम करनेवाले किसानों के लिए चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने गुरुवार को बिहार के दरभंगा, मधुबनी, शिवहर, गोपालगंज, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों में बारिश के साथ वज्रपात का अलर्ट जारी किया था।










