बेखौफ अपराधी: एक साथ तीन लोगों को मारी गोली, दो की मौत, एक गंभीर - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

15 सितंबर 2020

बेखौफ अपराधी: एक साथ तीन लोगों को मारी गोली, दो की मौत, एक गंभीर

गम्हरिया: गम्हरिया थाना क्षेत्र में सोमवार की रात अपराधियों ने तीन लोगों को गोली मार दी. जिसमें गोली लगने से 2 लोगों की मौत हो गई एवं एक व्यक्ति को घायल अवस्था में दरभंगा रेफर कर दिया गया है. मालूम हो कि सिंगियोन निवासी रविंद्र यादव अपने घर से बुढ़ावे प्लांट पर काम करने जा रहे थे.

रुपौली वार्ड नंबर तीन पुलिया के पास अपराधियों ने उन्हें रोककर गोली मार दी. उसके बाद अपराधियों ने सिंगियोन काली चौक पर दुलार निवासी अनिल मंडल को भी गोली मारकर घायल कर दिया. सिंगियोन वार्ड नंबर 13 में अपराधियों ने तपेश्वरी यादव को भी गोली मारी. जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
रविंद्र यादव की इलाज के दौरान मधेपुरा सदर अस्पताल में मौत हो गई जबकि तपेश्वरी यादव का मौत घटनास्थल पर ही हो गया. मालूम हो कि रविंद्र यादव अपने पीछे पत्नी सुनीता देवी 3 बेटियाँ और 1 बेटा छोड़ गये. वहीं तपेश्वरी यादव अपने पीछे पत्नी रोहिणी देवी, बेटी गायत्री देवी, फूलो देवी, रंजन देवी को बिलखता छोड़ गए. इस घटना के बाद से गांव में सन्नाटा छाया हुआ है.

लोगों में इतना खौफ फैल गया है कि उन्होंने सड़क पर चलना छोड़ दिया है. लोगों की माँग है कि प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को सुरक्षा व्यवस्था मिलनी चाहिए. वहीं घायल अनिल मंडल के परिवार में भी काफी भय का माहौल है. उनके परिजनों का कहना है कि जल्द से जल्द अपराधी की गिरफ्तारी हो. इस मामले में डीएसपी ने बताया कि जगह-जगह टीम गठित कर छापामारी की जा रही है.

तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है. पूछताछ चल रही है. बहुत जल्द अपराधी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. गम्हरिया थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार गुप्ता ने बताया कि हत्या मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. जिसमें रविंद्र कुमार की पत्नी सुनिता देवी के द्वारा सिगियोंन निवासी अंशु कुमार, कार्तिक यादव, अंशु कुमार की पत्नी अनिल यादव, हरेराम यादव के ऊपर हत्या का आरोप लगाया गया है.

वहीं तपेश्वरी यादव की पत्नी के द्वारा अंशु कुमार, गणेश यादव, कार्तिक यादव, विजय यादव, सुधीर यादव, आनंद कुमार, हुनु कुमार, डोमी कुमार को अभियुक्त बनाया गया है. अनिल मंडल के द्वारा अंशु कुमार और दो अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.सदर एसडीपीओ अजय नारायण यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है. मामले की छानबीन की जा रही है. अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
(रिपोर्ट:- मिथिलेश कुमार)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages