मधेपुरा: सदर थाना अभिरक्षा से फरार सिपाही की अब तक बरामद करने में पुलिस को कामयाबी नहीं मिल सकी है. फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दो डीएसपी की टीम लगी हुई है. इस मामले में एसपी योगेंद्र कुमार के सख्त रुख के कारण अधीनस्थ अधिकारयिों और पुलिस कर्मियों में बेचैनी की स्थिति बनी है.
मालूम हो कि बुधवार की शाम एसपी योगेंद्र कुमार चौसा थाना का निरीक्षण करने गए थे. चौसा थाना में अधिकारियों से बातचीत के दौरान ही एसपी को शिकायत मिली थी कि स्कॉट गाड़ी में शराब की बोतल रखी है. जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद एसपी ने होमगार्ड सहित चार जवानों को निलंबित कर दिया था.
होमागार्ड सहित तीन जवानों को गुरुवार को ही जेल भेज दिया गया था. एक जवान को टाउन थाना में पुलिस निगरानी में रखकर मामले की जांच की जा रही थी. इसी बीच सिपाही टाउन थाना से फरार हो गया. इसकी सूचना मिलते ही एसपी ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए टाउन थाना में ड्यूटी पर तैरान एक दारोगा को निलंबित कर दिया.
टाउन थाना प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा गया. फरार सिपाही की गिरफ्तारी के लिए दो डीएसपी के नेतृत्व में टीम बनायी गयी लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए खाक छान रही है. सूत्रों के अनुसार सोमवार को वह आत्मसमर्पण कर सकता है.
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....









