दहेज के लिए पत्नी की गला दबाकर हत्या, आरोपित पति गिरफ्तार - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

27 नवंबर 2020

दहेज के लिए पत्नी की गला दबाकर हत्या, आरोपित पति गिरफ्तार

मधेपुरा: सदर थाना अंतर्गत भर्राही ओपी क्षेत्र में दहेज के लिए पत्नी की उसके मायके में ही हत्या करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. बताया गया कि मानिकपुर पंचायत के अर्राहा गांव में ससुराल पहुंचे पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी. पत्नी की हत्या करने के बाद पति ने आत्महत्या बताकर ससुराल वालों को झांसे में रखने की कोशिश की लेकिन वह अपनी मंशा में कामयाब नहीं हो सका. 

घटना के बाद लड़की के पिता मो. कुदुस ने भर्राही ओपी को पूरे मामले की जानकारी दी. लड़की के अर्राहा निवासी पिता ने अपने दामाद पर अपनी बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि दहेज की मांगे पूरी नहीं होने पर उसकी पुत्री की हत्या कर दी गयी. लड़की के पिता ने भर्राही ओपी में आवेदन देकर कहा है कि उसकी पुत्री आइसा खातून की शादी एक साल पहले पूर्णिया जिले के जानकीनगर विनोवा ग्राम में की थी.  
शादी के बाद से उसका दामाद मो. बहाव दहेज और बाइक के लिए उसकी पुत्री आइसा को हमेशा प्रताड़ित प्रताड़ित करता था. दहेज प्रताड़ना के कारण उसकी लड़की अक्सर मायके अर्राहा में ही रहती थी. पिछले एक महीना से उसका दामाद मो. बहाव भी अर्राहा में ही रह रहा था. मो. कुदुश ने बताया कि गुरुवार की रात लगभग आठ बजे उसकी बेटी और दामाद खाना खाने के बाद सोने के लिए कमरे में चले गए. 

लगभग साढ़े 12 रात में उसके दामाद अचानक कमरे से बाहर निकला और घर के लोगों को बताया कि आइसा को कुछ हो गया है. वह कुछ बोल नहीं रही है. उसने कहा कि शायद आइसा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. दामाद की बात सुनकर घर के लोग कमरे में पहुंचे तो उसकी लड़की आइसा बिछाबन पर पड़ी थी. उसे जगाने की कोशिश करते हुए नजदीक से देखा तो पर पता चला की उसकी मौत हो चुकी है. आइसा के गले पर निशान भी देखा गया.  
मो. कुदुस ने बताया कि इस बात की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए. इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गयी. उसने कहा कि उसके दामाद ने उसकी लड़की आइसा की गला दबा कर हत्या कर दी है. घटना की सूचना मिलते ही भर्राही ओपी अध्यक्ष रुदल कुमार पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंच मामले की छानबीन की और घर के लोगों से पूछताछ किया. 

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दामाद मो. बहाव को गिरफ्तार कर लिया. घटना के बाद से घर में मातम पसरा है. आइसा के पिता और परिवार के अन्य सदस्य इस घटना को लेकर गहरे सदमे में हैं. गांव के लोग भी इस घटना से हैरत में हैं. आइसा की मौत को लेकर पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया गला दबाकर उसकी हत्या करने का मामला प्रतीत होता है.  
घटनास्थल पर पड़े आइसा के शव के गले पर काला निशान पाए गए हैं. थानाध्यक्ष रुदल कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा. पूरे मामले की छानबीन की जा रही है. 


पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages