पत्नी को मार पति खुद पहुंचा इलाज करवाने को अस्पताल - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

26 नवंबर 2020

पत्नी को मार पति खुद पहुंचा इलाज करवाने को अस्पताल

मधेपुरा: जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र के पुरैनी सरहदगति गांव में बुधवार की देर रात पत्नी की हत्या कर पति बाइक से दुर्घटनाग्रस्त होने का बहाना बनाकर इलाज कराने के लिए कुमारखंड अस्पताल पहुंच गया. ग्रामीणों द्वारा जब मृतका के बहन को सूचना मिली तो वो सरहद गति गांव पहुंची. भैंसूर लालो राम ने मृतका की बहन को बताया कि सुबह करीब तीन बजे चंदन बाइक से पत्नी को लेकर घर से निकला. 

कुछ देर बाद फोन कर बताया कि बिशनपुर नहर के समीप दोनों पति-पत्नी दुर्घटनाग्रस्त हो गए हैं. इस दुर्घटना में चंदन की पत्नी रीना देवी की मौत हो गई है. बहन को शंका हुई तो उसने श्रीनगर थानाध्यक्ष अरुण कुमार को अपनी बहन की हत्या होने की आशंका जतायी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे तो महिला का शव दरवाजे पर पड़ा था और उसके नाक और मुंह से खून रिस रहा था.  
मृतका के भैंसूर लालो राम को पुलिस ने जब पूछताछ के लिए बुलाया तो वह भागने लगा. पुलिस ने खदेड़ कर टिकुलिया चौक से पश्चिम उसे पकड़ लिया. पूछताछ के बाद उसने अपने भाई चंदन राम के बारे में बताया कि वह कुमारखंड में है. पुलिस ने चंदन राम को कुमारखंड बाजार से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने महिला रीना देवी का शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. 

मृतक की बहन ने पुलिस को बताया कि पूर्व में भी उसकी बहन के साथ पति मारपीट करता था. कई बार पंचायत भी हुआ था. आरोपी पति और ससुराल वालों का कहना था कि रीना को बच्चा नहीं हो रहा है इसलिए दूसरी शादी करेंगे. इसी बात को लेकर पति पत्नी में अक्सर कहासुनी होती रहती थीी. मृतका की बहन ने आरोप लगाया है कि तीनों भाईयों ने मिलकर उसकी बहन की हत्या की हैै. 

थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि मृतका की बहन कुंदन देवी के पति सहित तीन लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है. आरोपी पति और भैंसुर को गिरफ्तार कर लिया गया है.



पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages