अनियंत्रित होकर घर में घुसा ट्रक, दो की मौत - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

20 दिसंबर 2020

अनियंत्रित होकर घर में घुसा ट्रक, दो की मौत

बिहारीगंज: स्टेट हाइवे 91 पर बभनगामा चौक के पास रविवार की अहले सुबह घना कोहरा के कारण अनियंत्रित होकर एक घर में घुसे ट्रक की चपेट में आने से दो किशोर की मौत हो गयी. ट्रक मुरलीगंज से बिहारीगंज की ओर जा रहा था. घर के अगले हिस्से में बने मचान पर मो. बाबुल (13) और मो. संजूर (14) सो रहे थे. दोनों रिश्ते में चचरे भाई थे. 

घटना के बाद भागने का प्रयास कर रहे ट्रक चालक संतोष कुमार को लोगों ने पकड़ लिया. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोनों किशोर को पीएचसी ले गए जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया. घटना से आक्रोशित लोग घर के सामने ही सड़क जाम कर मुआवजा की मांग करने लगे.  
सूचना मिलते ही बीडीओ प्रकाश कुमार, सीओ नागेश कुमार मेहता, थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार घटना स्थल पर पहुंचे. पदाधिकारियों ने पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से लोगों को समझा कर सड़क जाम समाप्त करा आवागमन शुरू कराया. 

ग्रामीणों ने कहा कि बभनगामा चौक पर तीखा मोड़ रहने के कारण बराबर घटनाएं होती रहती हैं. ग्रामीणों ने पदाधिकारियों से तीखा मोड़ के पास आवश्यक उपाय करने की मांग की. पदाधिकारियों ने मौके पर ही मृतक की मां जन्नतुन खातून और बीबी गुलशन को चार-चार लाख रुपये का चेक दिया.  
मुरलीगंज नगर पंचायत के अध्यक्ष श्वेत कमल बौआ ने दोनों किशोर के परिजनों को अपनी ओर से 11-11 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी. थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रक (बीआर 11 जी 6831) जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. शव को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया. 


पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....



Post Bottom Ad

Pages