एक ही परिवार के पांच सदस्यों ने की आत्महत्या - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

13 मार्च 2021

एक ही परिवार के पांच सदस्यों ने की आत्महत्या

डेस्क: सुपौल में एक ही परिवार के पांच सदस्यों के संदिग्ध हालात में खुदकुशी करने के मामले में घटना की जांच करने भागलपुर से चार सदस्यीय फोरंसिक टीम पहुंच गई. घटना को लेकर स्थानीय लोगों के साथ-साथ पुलिस महकमे में भी कौतूहल है. पुलिस घटना को लेकर कुछ भी बताने से कतरा रही है. वहीं अब तक ग्रामीणों से जो जानकारी मिली है उससे पता चलता है आर्थिक तंगी झेल रहे परिवार ने अपनी जिंदगी खत्म करना ही मुनासिब समझा. 

फोरंसिक टीम शव को उतार कर जांच में जुट गई है. जांच के बाद ही खुदकुशी को लेकर पुलिस भी कुछ बताने की स्थिति में होगी. बता दें कि बिहार के सुपौल में एक ही परिवार के पांच लोग फांसी से लटके हुए मिले. पति-पत्नी और तीन बच्चों की एक साथ अत्महत्या से इलाके के लोग सकते में हैं. आशंका जताई जा रही है कि आर्थिक तंगी से परेशान चल रहे परिवार ने आत्महत्या की है. ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. वहीं पुलिस एक ही कमरे में सभी शव लटके होने से आत्महत्या की आशंका जता रही है.  
जानकारी के मुताबिक राघोपुर पंचायत के गद्दी वार्ड 12 के मिश्री लाल साह (50) के घर गंध आने पर ग्रामीणों ने इनकी सूचना मुखिया मो तस्लीम को दी. इसके बाद मुखिया सहित अन्य लोग घर कर बाहर के दरवाजे पर लगे ताले को तोड़कर अंदर घुसे. घर का एक कमरा भीतर से बंद था. लोगों ने खिड़की से देखा तो पांच लोगों का शव रस्सी के फंदे से लटक रहे थे. मृतकों में मिश्री लाल साह उनकी पत्नी रेणु देवी 45 वर्ष, उनकी दो नाबालिग बेटी और एक बेटा शामिल है. लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी. 

घटना के बाद मौके पर एसपी मनोज कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष सुशांत कुमार चंचल सहित डीएसपी रामानंद कौशल पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस प्रथमदृष्टया इसे सामूहिक आत्महत्या का मामला मान रही है. हालांकि अबतक कारणों का पता नहीं चल पाया है.
आर्थिक तंगी से गुजर रहे परिवार ने अपनी पुश्तैनी जमीन बेच दी थी 

घटना के बारे में जो जानकारी निकलकर आ रही उसके अनुसार परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था. ग्रामीणों ने बताया कि पिछले शनिवार तक इस परिवार के लोगों को देखा गया था लेकिन उसके बाद से लोगों ने घर के किसी सदस्य को नहीं देखा. घटना से आसपास के लोग सकते में हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि आर्थिक तंगी की वजह से गुजर बसर करने के लिए मिश्रीलाल साह ने अपनी पुश्तैनी जमीन बेच दी थी. 


दो साल से आर्थिक तंगी से गुजर रहा यह परिवार कोयला बेचकर गुजारा कर रहा था. ग्रामीणों के मुताबिक कुछ दिनों से परिवार ग्रामीणों से अलग-थलग रहने लगा था. लोगों से मेल मिलाप भी एकदम कम कर दिया था. लोगों ने भी उनकी खोज-खबर लेनी छोड़ दी थी.

थालियों से मिले मछली के कांटे और चावल

मिश्रीलाल साह और उसके परिवार के लोगों ने आत्महत्या से पहले मछली और भात खाया था. जिस कमरे में पूरे परिवार का शव लटकता हुआ पाया गया था, उस कमरे में मिली थालियों में मछली के कांटे और चावल के अवशेष मिले हैं. पुलिस अब इस बात को मानकर चल रही है कि घटना सोमवार की दोपहर या रात की होगी. इतना ही नहीं मृतकों के शव पर साफ-सुथरे लगभग नए कपड़े पाए गए हैं. 


प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष सुशांत कुमार चंचल ने बताया कि ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला है कि कुछ लोगों ने मिश्रीलाल को अंतिम बार सोमवार सुबह करीब 11 बजे के आसपास देखा था. बताया जा रहा है कि मिश्रीलाल और उनके बेटे ललन को छोड़ उनकी पत्नी और लड़कियां कभी-कभार ही बाहर दिखती थीं. कई-कई दिनों तक तो पूरा परिवार ही नहीं दिखता था. ऐसे में पड़ोस के लोगों को इस घटना का आभास तक नहीं हुआ.  

नीदरलैंड की विधि से फॉरेंसिक टीम ने की जांच

राघोपुर थाना क्षेत्र के गद्दी वार्ड 12 में एक परिवार के सामूहिक आत्महत्या मामले की जांच करने शनिवार सुबह भागलपुर से फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) की टीम पहुंची. करीब 8.10 बजे पहुंची एफएसएल की टीम में चार सदस्य थे. टीम ने कमरे और फंदे से लटक रहे शवों की बारिकी से जांच की. घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई. टीम ने घटनास्थल से जरूरी सैंपल भी लिया. 


टीम में शामिल दीपक कुमार, विवेक कुमार, राघव कुमार और ताजूब ने बताया कि नीदरलैंड की फेरो विधि से मामले की जांच की जा रही है. इसमें थ्री डाइमेंशनल क्राइम सीन पद्धति से इसका अनुश्रवण किया जाएगा. हालांकि टीम ने घटना के संबंध में कुछ भी बताने से इनकार किया. उन्होंने बस इतना कहा कि प्रथमदृष्टया मौत का कारण फंदे से लटकना प्रतीत हो रहा है. मृतकों में मिश्री लाल साह (52), उसकी पत्नी रेणु देवी (44), उसकी बड़ी बेटी रौशन कुमारी (15), छोटी बेटी फुलकुमारी (08) और पुत्र ललन कुमार (14) हैं. बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात करीब 9 बजे पड़ोसी को मिश्री लाल के घर से बदबू निकलने का पता चला. 


उन्होंने इसकी सूचना मुखिया मो. तस्लीम को दी. मुखिया अन्य लोगों के साथ पहुंचे तो मिश्री लाल के घर का एक कमरा अंदर से बंद मिला. उसी कमरे से बदबू आती देख मुखिया ने एक खिड़की तुड़वाई. खिड़की खुलते ही सब सन्न रह गये. कमरे के अंदर मिश्रीलाल के पूरा परिवार का शव फंदे से लटक रहा था. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.



पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages