जल्द दस्तक देगा कोरोना की तीसरी लहर, डॉक्टर ने की लोगों से ये अपील - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

29 जून 2021

जल्द दस्तक देगा कोरोना की तीसरी लहर, डॉक्टर ने की लोगों से ये अपील

मधेपुरा: जिले सहित पूरे बिहार में कोरोना संक्रमण की रफ्तार में तेजी से कमी है. जैसे-जैसे केस कम हो रहे हैं, वैसे-वैसे लोगों की लापरवाही सामने आती जा रही है. प्रशासन की ओर भी अब पहले जैसी मुस्तैदी नहीं दिख रही है. वहीं, डॉक्टरों ने इस पर चिंता जताते हुए कहा है कि अगर ऐसी ही स्थिति रहेगी तो कोरोना की तीसरी लहर जल्द आ सकती है. जिले के सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख चौक-चौराहों पर लोगों की भीड़ उमड़ रहती है. भीड़ में अधिकांश लोग चेहरे पर बिना मास्क के नजर आते हैं. 

कुछ लोग मास्क लगाते भी हैं तो मास्क नाक के नीचे रह रहा है. गिने-चुने लोग ही सही तरीके से मास्क लगाकर घूमते हैं. बिना मास्क के काफी संख्या में लोग सड़क पर धड़ल्ले से घूम रहे हैं और इन्हें रोकने टोकने वाला कोई नहीं है. जिला प्रशासन का मास्क चेकिंग के लिए धावा दल भीड़-भाड़ वाली जगह पर नजर नहीं आ रहा. शहर में जो सार्वजनिक परिवहन स्थान है जैसे कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ऑटो स्टैंड इत्यादि जगह पर लोगों की स्क्रीनिंग की व्यवस्था भी नहीं है. अनलॉक होते ही रेलवे स्टेशन पर भी लोगों की भीड़ काफी बढ़ गई है.

जिले के विभिन्न इलाकों से काफी संख्या में लोग रेलवे स्टेशन पहुंच रहे हैं और आसानी से बिना किसी चेकिंग से गुजरे हुए स्टेशन परिसर से बाहर निकल जा रहे हैं. ऐसे में देश के वैसे हिस्से जहां कोरोना के डेल्टा प्लस स्ट्रेन के मामले बढ़ रहे हैं, वहां से अगर लोग आ रहे हैं और उनका प्रॉपर स्क्रीनिंग भी नहीं हो रही. चिकित्सक डॉ. शालू शुभम (Dr. Shalu Shubham) ने लोगों की लापरवाही पर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि लोग जिस प्रकार से बिना मास्क के घूम रहे हैं, यह चिंता का विषय है. 

प्रशासन को सक्रिय होना होगा, क्योंकि कोरोना के डेल्टा स्ट्रेन ने प्रदेश में दूसरी लहर के दौरान किस प्रकार तबाही मचाई थी, इससे सभी अवगत हैं और अब डेल्टा प्लस स्ट्रेन आ गया है. हालांकि डेल्टा प्लस स्ट्रेन के पैथोजेनीसिटी पर अभी रिसर्च चल रहा है और इसके खिलाफ वैक्सीन कितना कारगर है, यह भी रिसर्च चल रहा है. डेल्टा प्लस स्ट्रेन की संक्रामकता डेल्टा स्ट्रेन से ज्यादा है. डॉ. शुभम ने कहा कि ऐसे में जरूरी है कि सभी लोगों को कोविड एप्रोप्रियेट बिहेवियर का गंभीरता से पालन करना चाहिए.  
घर से बाहर निकलें तो बिना मास्क के ना निकलें और भीड़-भाड़ की स्थिति कायम ना होने दें. जिस प्रकार से अभी के समय सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की भीड़ रह रही है और बिना चेहरे पर मास्क लगाए लोग घूम रहे हैं, ऐसे में तीसरे वेब के आने की आशंका प्रबल हो जाती है. इसके साथ ही उन्होंने कोरोना के दूसरे वेब की गंभीरता को देखते हुए तीसरे वेब को लेकर प्रशासन को अभी से ही मुस्तैद रहने की आवश्यकता है. सेकंड वेब में जिस प्रकार कोरोना ने त्रासदी मचाई सभी देख चुके हैं. 

प्रशासन को अभी से ही सख्त उपाय करने की जरूरत है. जिसमें पहला है कि अभी से ही लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाएं और लोगों को जागरूक किया जाए कि अभी भी कोरोना खत्म नहीं हुआ है और इसके बचाव के लिए जो भी नियम है उसे पालन करना जरूरी है. 


पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages