मतदाताओं ने 1957 प्रत्याशियों का कर दिया फैसला - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

30 सितंबर 2021

मतदाताओं ने 1957 प्रत्याशियों का कर दिया फैसला

मधेपुरा: दूसरे चरण का पंचायत चुनाव सदर प्रखंड में हुआ. प्रखंड की 17 पंचायतों के 242 केंद्रों पर मतदाताओं ने वोट डाले. शाम पांच बजे तक कुल 62 प्रतिशत मतदान हुआ है. इसमें 63 प्रतिशत महिला व 37 प्रतिशत पुरुषों ने मतदान किया. मतदाताओं ने 1957 प्रत्याशियों का फैसला कर दिया है. एक अक्टूबर को टीपी कालेज में मतगणना के बाद पता चलेगा कि मतदाताओं ने किसे ताज पहनाया है. छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ. मतदान के दौरान विभिन्न पंचायतों में 15 लोगों को हिरासत में लिया गया था. जिन्हें मतदान के बाद छोड़ दिया गया. 
वहीं, मधुबन बूथ पर जिला परिषद प्रत्याशी संजय कुमार के चुनाव चिह्न मछली छाप के बदले ईवीएम में चम्मच छाप हो गया था. इसपर प्रत्याशी व समर्थकों ने हंगामा किया. इस दौरान करीब डेढ़ घंटा मतदान बाधित रहा. एसडीओ व एसडीपीओ ने मतदान शुरू कराया. वहीं, शकरपुरा बतौना में पांच प्रत्याशियों ने वार्ड सदस्य पद के लिए नामांकन किया था, लेकिन यहां तीन का ही चुनाव चिह्न आया था. स्थिति को देखते हुए अंचलाधिकारी योगेंद्र दास ने वार्ड सदस्य का चुनाव रद करने की बात कही है. 
मानिकपुर बूथ संख्या 122 पर बायोमेट्रिक में गड़बड़ी के कारण मतदान में देरी हुई. मौके पर मतदाताओं ने हंगामा भी किया. मतदान केंद्रों पर ईवीएम में कोई गड़बड़ी आने पर तत्काल इसको बदलने की व्यवस्था की गई थी. पंचायत स्तर पर कलस्टर का निर्माण किया गया था. प्रत्येक कलस्टर में 30 से 35 ईवीएम को सुरक्षित रखा गया था. शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने को लेकर प्रशासनिक स्तर पर प्रखंड, अनुमंडल व जिला स्तर पर कंट्रोल रूम का गठन किया गया था. 
कहीं कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए डीएम श्याम बिहारी मीणा, एसपी योगेंद्र कुमार, एसडीओ नीरज कुमार, एसडीपीओ अजय नारायण यादव सहित अन्य अधिकारी बूथों का जायजा लेते रहे. चुनाव शांतिपूर्ण व निष्पक्ष रूप से संपन्न हो इसको लेकर सदर प्रखंड के छह पंचायत को अतिसंवेदन सील घोषित किया गया था. इसमें बालम गढि़या, साहुगढ़, सकरपुरा बेतौना, धुरगांव व भदौल बुधमा शामिल था. इन पंचायतों पर विशेष नजर रखी जा रही थी. 1957 प्रत्याशियों मतदाताओं ने कर दिया फैसला सदर प्रखंड के 17 पंचायत में 450 पद के लिए 1957 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. 
इनके भाग्य का फैसला मतदाताओं ने कर दिया है. पंचायत में सभी 518 पदो के लिए चुनाव होना था, लेकिन इसमें वार्ड सदस्य के तीन पद व पंच के 65 पद निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं. इस कारण 450 पद पर ही मतदान हुआ. मतगणना एक अक्टूबर को टीपी कालेज में होगा. सदर प्रखंड के जिप सदस्य पद के लिए क्षेत्र संख्या पांच से 10 प्रत्याशी, क्षेत्र संख्या छह से 15 प्रत्याशी, मुखिया पद के लिए 146, सरपंच के लिए 102, पंचायत समिति पद के लिए 153, वार्ड सदस्य पद के लिए 1070 व पंच पद के लिए 461 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे. 
(रिपोर्ट:- मोहन कुमार) 
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages