मधेपुरा: बीएनएमयू के नॉर्थ कैंपस में 4 जून को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना होगी. नॉर्थ कैंपस की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर डीएम विजय प्रकाश मीणा और एसपी संदीप सिंह ने शनिवार को कला भवन में वरीय दंडाधिकारी, दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी को ब्रिफिंग किया गया. बताया गया कि मतगणना केन्द्र पर पूर्व से सीएपीएफ और बीएसएपी कंपनी प्रतिनियुक्त है. मतगणना के दौरान सीएपीएफ और बीएसएपी की प्रतिनियुक्ति के अतिरिक्त जिला बल के पदाधिकारियों और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. मतगणना 4 जून को सुबह 8 बजे प्रारंभ होगा. इसमें अलग-अलग विधानसभा मतगणना केन्द्र निर्धारित किया गया है.
मतगणना केन्द्र परिसर, मतगणना केन्द्र के आसपास के क्षेत्र, प्रत्येक मतगणना केन्द्र के बाहर और शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. जो मतगणना हॉल या परिसर के अंदर और बाहर होने वाली सभी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखेंगे. किसी भी प्रकार की समस्या आने पर अपने पर्यवेक्षण में उसका निराकरण करना सुनिश्चित करेंगे. साथ ही इसकी सूचना जिला नियंत्रण कक्ष और वरीय प्रभारी को देंगे. बताया गया कि मतगणना केन्द्र पर 3 स्तर पर जांच की जाएगी. प्रथम स्तरीय जांच में वरीय दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी द्वारा फोटो, पहचान पत्र, सक्षम पदाधिकारी द्वारा निर्गत मीडिया पास और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्गत प्राधिकार पत्र के बिना प्रदर्शित किए कोई भी व्यक्ति मतगणना केन्द्र के मुख्य द्वार से प्रवेश नहीं करेंगे.
द्वितीय स्तरीय जांच में किसी भी प्रकार का प्रतिबंधित सामग्री, उपकरण, मशीन, गैजेट और कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति प्रवेश नहीं करेंगे. तृतीय स्तरीय जांच द्वारा मतगणना हॉल में प्रवेश से पूर्व सभी कर्मियों की गहन जांच कर ही प्रवेश की अनुमति देंगे. वे यह भी सुनिश्चित करेंगे कि कोई मोबाइल फोन और अन्य निषेध वस्तु मतगणना हॉल के अंदर नहीं प्रवेश करने पाए. ब्रिफिंग कार्यक्रम में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी के साथ-साथ अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित हुए.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....









