कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

4 जून 2024

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू

मधेपुरा: लोकसभा सीट के लिए मंगलवार को सुबह 8 बजे बीएनएमयू के नॉर्थ कैंपस में मतगणना शुरू हो गई है. इसको लेकर जिला प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. सभी छह विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग मतगणना कक्ष बनाया गया है. मतगणना कक्ष में विधानसभा वॉर सहायक निर्वाचन पदाधिकारी और बज्रगृह प्रभारी की प्रतिनियुक्ति की गई है. मतगणना कक्ष में प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के ईवीएम मतगणना के लिए 14 और पोस्टल बैलेट की गणना के लिए आठ टेबल की व्यवस्था की गई है. प्रत्येक मतगणना टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक, एक मतगणना सहायक एवं एक माइक्रो प्रेक्षक की प्रतिनियुक्ति की जाएगी. मतगणना कार्य के लिए लगभग 354 मतगणना कर्मियों को नियुक्ति पत्र दिया जाना है. 

मतगणना के लिए आने वाले अभ्यर्थी, निर्वाचन अभिकर्ता, गणन अभिकर्ता एवं मतगणना पदाधिकारी, कर्मी द्वारा किसी प्रकार की सामग्री यथा मोबाइल फोन, लैपटॉप, कैमरा, बैग आदि मतगणना कक्ष में लेकर जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा. उनके द्वारा उपरोक्त प्रतिबंधित सामग्रियों को अलग-अलग जनसंचार कक्षों में बने काउंटर पर जमा कराया जाएगा तथा प्रतिनियुक्त कर्मी द्वारा टोकन निर्गत किए जाने का निर्देश दिया गया. बता दें कि मधेपुरा में तीसरे चरण में 7 मई को मतदान हुआ था. लगभग 62 प्रतिशत मतदाताओं मतदान किया. यहां पर कुल 8 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है. लेकिन सीधा मुकाबला राजद के प्रो. कुमार चंद्रदीप और जदयू से दिनेशचंद्र यादव के बीच है. पिछले लोकसभा चुनाव में दिनेशचंद्र यादव 3 लाख से अधिक मतों से विजयी हुए थे. उन्होंने राजद के कद्दावर नेता शरद यादव को हराया था. 
(रिपोर्ट:- मनीष कुमार) 
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages