मुरलीगंज: मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र के मीरगंज चौक पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के स्वरूप के साथ छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झंडे को जब्त कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे की है. मीरगंज-कुमारखंड स्टेट हाईवे 91 पर मीरगंज चौक के समीप एक पान दुकान के सामने बांस पर लगा तिरंगा झंडा लोगों के आकर्षण का केंद्र था. स्थानीय लोगों ने देखा कि झंडे के बीच बने अशोक चक्र को मिटाकर उसकी जगह चांद-तारा का चिह्न बना दिया गया है. रात का समय होने के कारण यह जानकारी देर रात तक सीमित रही. शुक्रवार सुबह किसी व्यक्ति ने इसकी सूचना मुरलीगंज थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सड़क किनारे लगे बांस से झंडे को उतरवाया. दो स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में झंडे को जब्त कर विधिवत जब्ती सूची तैयार की गई.
पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू की तो इस कृत्य में मीरगंज वार्ड संख्या 10 निवासी स्व. मो. सलामत के पुत्र मो. दुखन का नाम सामने आया. पुलिस तत्काल आरोपी के घर पहुंची और उसे हिरासत में लेकर थाने ले आई. पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम 1971 की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की. प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज देश के सम्मान का प्रतीक है. इसके स्वरूप, रंग या चिह्न के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ संज्ञेय और दंडनीय अपराध है. उन्होंने कहा कि आरोपी मो. दुखन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. मामले में अन्य किसी की संलिप्तता है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है ताकि साजिश के पीछे की वजह सामने आ सके.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....