देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने 18 लोगों को किया गिरफ्तार - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

7 जुलाई 2026

देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने 18 लोगों को किया गिरफ्तार

सहरसा: जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित भारतीय नगर इलाके में मंगलवार सुबह पुलिस ने कथित देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. साइबर डीएसपी कल्याण आनंद के नेतृत्व में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), साइबर थाना और सदर थाना की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान 10 महिलाओं, 4 नाबालिग लड़कियों और 4 युवकों को हिरासत में लिया गया. पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री और कुछ संदिग्ध टैबलेट्स भी बरामद करने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार भारतीय नगर इलाके में लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं. इन सूचनाओं का सत्यापन करने के बाद मंगलवार सुबह संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कई स्थानों पर एक साथ दबिश दी. छापेमारी के दौरान पूरे इलाके की सघन तलाशी ली गई और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई. साइबर डीएसपी कल्याण आनंद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिलाओं और युवकों के माध्यम से गलत गतिविधियां संचालित होने की पुष्टि हुई है. उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान कुछ लोग पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए. उनकी पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने बताया कि कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में इसी तरह की कार्रवाई की गई थी, जिसमें कई मकानों को सील किया गया था. इसके बावजूद दोबारा अवैध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिलने पर यह अभियान चलाया गया.
डीएसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सील किए गए स्थानों पर फिर से इस तरह की गतिविधियां पाई गईं तो संबंधित मकान मालिकों और संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. हिरासत में लिए गए सभी लोगों की पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया जारी है. उनसे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद सभी को नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा. वहीं, बरामद की गई 4 नाबालिग लड़कियों को विशेष देखभाल और सुरक्षा में रखा गया है तथा उनके संबंध में बाल संरक्षण से जुड़े प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है. साइबर डीएसपी कल्याण आनंद ने कहा कि सहरसा जिले में मानव तस्करी, देह व्यापार और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं इस तरह की गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके. पुलिस का कहना है कि जिले को असामाजिक गतिविधियों से मुक्त करने के लिए आगे भी ऐसे विशेष अभियान चलाए जाते रहेंगे.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages