मधेपुरा: बिहार राज्य संबद्ध डिग्री महाविद्यालय शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारी महासंघ, फैक्टनेब के आह्वान पर भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, लालू नगर मधेपुरा इकाई की बैठक श्रीकृष्ण मंदिर गौशाला परिसर में हुई. अध्यक्षता विश्वविद्यालय अध्यक्ष सह सीनेट सदस्य प्रो. अरविंद कुमार यादव ने की. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संबद्ध डिग्री महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को अनुदान के बदले नियमित मासिक वेतनमान दिया जाए. साथ ही 9 वर्षों का लंबित सहायक अनुदान महंगाई दर के अनुसार ब्याज सहित भुगतान किया जाए. शिक्षा विभाग के संकल्प संख्या 1457, दिनांक 24.07.2015 के तहत सभी कोटि की छात्राओं तथा एससी-एसटी छात्रों से लिया गया शिक्षण शुल्क सरकार उनके बैंक खाते में वापस करे. इन मांगों को लेकर 20 जुलाई 2026 को बीएनएमयू मुख्यालय, लालू नगर मधेपुरा में धरना दिया जाएगा. वहीं 22 जुलाई 2026 को पटना के गांधी मैदान से लोक भवन तक रोड मार्च निकाला जाएगा. मधेपुरा, सहरसा और सुपौल जिले के सभी संबद्ध डिग्री महाविद्यालयों के शिक्षकों और कर्मियों से दोनों कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की गई. बैठक में विश्वविद्यालय महासचिव डॉ. बैद्यनाथ यादव, सुपौल जिला अध्यक्ष डॉ. चंद्र प्रकाश यादव, विश्वविद्यालय सचिव प्रो. अभय कुमार, उपाध्यक्ष प्रो. कुमार राजीव रमन, सचिव प्रो. ललन कुमार, सचिव प्रो. सतेंद्र प्रसाद यादव, सहरसा जिला अध्यक्ष प्रो. समीउल्लाह, उपाध्यक्ष प्रो. आलोक कुमार, प्रो. गोपाल प्रसाद यादव सहित कई शिक्षक-कर्मी मौजूद थे. बैठक के बाद सभी ने प्रो. यादव के नेतृत्व में विश्वविद्यालय कुलसचिव से मुलाकात की और कॉपी मूल्यांकन पारिश्रमिक सहित लंबित मांगों पर चर्चा की। कुलसचिव ने बताया कि कॉपी मूल्यांकन के पारिश्रमिक भुगतान की प्रक्रिया तेज कर दी गई है और जल्द ही भुगतान कर दिया जाएगा.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










