सहरसा: पूर्व मध्य रेलवे के सहरसा-मानसी रेलखंड स्थित सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब सहरसा से अमृतसर जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई. आनन-फानन में महिला को ट्रेन से उतारकर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतका की पहचान सुपौल जिले के लोढ़ा बिशनपुर निवासी सुनील जायसवाल की 45 वर्षीय पत्नी रीना देवी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार सुनील जायसवाल दिल्ली में पैथोलॉजी लैब चलाते हैं. गर्मी की छुट्टियां बिताने के बाद वह पत्नी और दो बच्चों के साथ अपने पैतृक गांव से दिल्ली लौट रहे थे. ट्रेन जैसे ही सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर पहुंची, रीना देवी की तबीयत अचानक खराब हो गई. परिजनों और सहयात्रियों ने तुरंत रेलवे कर्मियों और स्थानीय लोगों को सूचना दी. इसके बाद महिला को ट्रेन से उतारने की व्यवस्था की गई और अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई. परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस काफी देर से पहुंची. स्टेशन से अनुमंडलीय अस्पताल जाते समय एंबुलेंस को एक और बाधा का सामना करना पड़ा. ट्रेन गुजरने के कारण रेलवे फाटक बंद हो गया, जिससे एंबुलेंस करीब 10 से 15 मिनट तक फाटक पर खड़ी रही. फाटक खुलने के बाद जब एंबुलेंस अस्पताल पहुंची तब तक काफी देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद रीना देवी को मृत घोषित कर दिया. महिला की मौत की खबर मिलते ही दोनों बेटों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. अस्पताल परिसर में मौजूद लोग भी बच्चों को देखकर भावुक हो उठे. घटना के बाद देर तक स्टेशन और अस्पताल में लोगों की भीड़ लगी रही. शव को पैतृक गांव ले जाने के लिए परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से एंबुलेंस की मांग की. आरोप है कि पहले अस्पताल प्रशासन ने शव वाहन उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर निजी वाहन की सलाह दी. इसके बाद स्थानीय लोगों ने एसडीएम आलोक राय को जानकारी दी. सूचना मिलते ही एसडीएम ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए और तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध कराने को कहा. प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद एंबुलेंस की व्यवस्था हुई और परिजन शव लेकर सुपौल के लिए रवाना हुए।फिलहाल पूरे मामले के बाद रेलवे और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.
(रिपोर्ट:- सुप्रित कुमार)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










