डेस्क: मुजफ्फरपुर में खुद को भारतीय सेना का जवान बताकर एक 21 वर्षीय युवती को प्रेमजाल में फंसाने और शादी का झांसा देकर रुपये लेने का मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत पर सदर थाना में मुख्य आरोपी मो. अरमान समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. पीड़िता, जो सकरा थाना क्षेत्र की रहने वाली है, ने बताया कि जनवरी 2026 में फेसबुक पर मो. अरमान की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी. बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को सेना में तैनात जवान बताया और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं. युवती का आरोप है कि आरोपी ने शादी का वादा कर विभिन्न बहानों से उससे कई किस्तों में रुपये मंगवाए. शिकायत के अनुसार, आरोपी कभी खुद को पाकिस्तान सीमा पर ड्यूटी पर तैनात बताता था तो कभी आतंकियों के कब्जे में होने की कहानी सुनाकर पैसों की मांग करता था. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने भरोसा जीतने के लिए सेना जैसी हेयरकट कराई, कमांडो जैसी वर्दी पहनी और वीडियो कॉल के दौरान वर्दी व हथियार दिखाकर खुद को सैनिक साबित करने की कोशिश की.
बाद में युवती को पता चला कि मो. अरमान सेना में नहीं है, बल्कि साइकिल की दुकान पर पंचर बनाने का काम करता है. साथ ही यह भी जानकारी मिली कि वह पहले से शादीशुदा है. इसके बाद युवती अपनी मां और चाचा के साथ आरोपी के घर पहुंची. पीड़िता का आरोप है कि वहां आरोपी और उसके परिजनों ने उनके साथ मारपीट की, जातिसूचक शब्द कहे तथा हथियार दिखाकर जान से मारने और दफना देने की धमकी दी. घटना के दौरान युवती ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस से सहायता मांगी. पुलिस को दिए आवेदन के साथ पीड़िता ने आरोपी की कथित वर्दी और हथियार वाले फोटो, व्हाट्सएप वीडियो कॉल के स्क्रीनशॉट तथा ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी सौंपे हैं. पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है. फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....