जनसाधारण एक्सप्रेस में विद्युतकर्मी की हत्या का खुलासा, पत्नी, कथित प्रेमी और शूटर गिरफ्तार - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

16 जुलाई 2026

जनसाधारण एक्सप्रेस में विद्युतकर्मी की हत्या का खुलासा, पत्नी, कथित प्रेमी और शूटर गिरफ्तार

डेस्क: जनसाधारण एक्सप्रेस में जमुई में पदस्थापित विद्युतकर्मी देवकुमार गुंजन की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में रेल पुलिस ने बड़ा खुलासा करने का दावा किया है. इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी समिता कुमारी, उसके कथित प्रेमी अजीत कुमार तथा हत्या को अंजाम देने के आरोपित राजू कुमार उर्फ धीरज को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि यह हत्या सुनियोजित साजिश के तहत कराई गई थी. रेल एसपी हरिशंकर कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि देवकुमार गुंजन जमुई में विद्युतकर्मी के पद पर कार्यरत थे. वह अपनी पत्नी से मिलने के लिए जनसाधारण एक्सप्रेस से सुपौल जा रहे थे. इसी दौरान मानसी रेल थाना क्षेत्र के बदलाघाट के समीप अज्ञात अपराधियों ने ट्रेन के अंदर उन्हें गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल देवकुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद मानसी रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई. 
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए बरौनी रेल अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया. एसआईटी ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ-साथ मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया. इसके बाद रेल जिला कटिहार की एसआईटी और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने कई स्थानों पर छापेमारी कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरफ्तार अजीत कुमार ने बताया कि उसका मृतक की पत्नी समिता कुमारी के साथ कथित प्रेम संबंध था. पुलिस का दावा है कि देवकुमार गुंजन दोनों के संबंधों में बाधा बन रहे थे. इसी वजह से समिता और अजीत ने मिलकर देवकुमार की हत्या की साजिश रची तथा कथित तौर पर दो लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराने की योजना बनाई. 
मामले में गिरफ्तार तीसरे आरोपित राजू कुमार उर्फ धीरज, निवासी सुजातपुर, थाना घोषी, जिला जहानाबाद, पर ट्रेन में देवकुमार गुंजन को गोली मारने का आरोप है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसकी भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है. रेल पुलिस ने बताया कि मामले में तकनीकी साक्ष्यों और आरोपितों से पूछताछ के आधार पर कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच अभी जारी है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी. पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages