शंकरपुर: राजकीय डिग्री कॉलेज, शंकरपुर में मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की अच्छी-खासी उपस्थिति रही. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बिहार सरकार के विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से कॉलेज से संबंधित शिकायत एवं सुझाव दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी देना था. कार्यक्रम के दौरान डॉ. विभीषण कुमार ने पीपीटी के माध्यम से छात्र-छात्राओं को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने पोर्टल पर पंजीयन, लॉगिन तथा कॉलेज से संबंधित शिकायत एवं सुझाव दर्ज करने की प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया. इस दौरान कुछ छात्र-छात्राओं का लाइव पंजीयन भी कराया गया. महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार दयाल ने कहा कि विद्यार्थी सहयोग पोर्टल विद्यार्थियों की समस्याओं एवं सुझावों को उचित मंच तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है. उन्होंने सभी नामांकित छात्र-छात्राओं से पोर्टल पर पंजीयन कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर इसका उपयोग करने की अपील की.
शिविर में शंकरपुर प्रखंड के डीपीआरओ/बीईईओ भी उपस्थित रहे. उन्होंने शिविर की गतिविधियों का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया. मौके पर सहायक प्राध्यापक मिंटू कुमार मेनन (अर्थशास्त्र), डॉ. श्वेता कुमारी, डॉ. विभीषण कुमार, ऋषभ आनंद एवं सुप्रिया सुमन, सहायक संजीव कुमार सुमन सहित छात्र-छात्राओं में अभिषेक कुमार झा, मिक्की कुमार, रागिनी मुस्कान, सलिता कुमारी, खुशबू कुमारी आदि मौजूद रहे. महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि विद्यार्थी सहयोग शिविर प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को आयोजित किया जाएगा. शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं एवं सुझावों को उचित माध्यम तक पहुंचाने के लिए आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....