मधेपुरा: खेल विभाग बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना एवं जिला प्रशासन मधेपुरा के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ शनिवार को बीपी मंडल इंडोर स्टेडियम में हुआ. प्रतियोगिता का उद्घाटन उप विकास आयुक्त अरुण कुमार एवं कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सह उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा आम्रपाली कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. मौके पर सिंहेश्वर के प्रखंड कल्याण पदाधिकारी चंदन कुमार सहित खेल विभाग से जुड़े पदाधिकारी, शिक्षक एवं खिलाड़ी मौजूद रहे. उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त अरुण कुमार ने कहा कि खेल शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक विकास के लिए भी आवश्यक है. खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेना चाहिए. उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा आम्रपाली कुमारी ने कहा कि खेल से शारीरिक, बौद्धिक एवं मानसिक विकास होता है. टीम भावना खेल का महत्वपूर्ण हिस्सा है. उन्होंने कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं. मधेपुरा की बेटियां भी खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करें. कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षा स्वास्थ्य अनुदेशक अरुण कुमार ने किया. उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे. उन्होंने उम्मीद जताई कि जिले के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर मधेपुरा का नाम रोशन करेंगे. प्रतियोगिता के तहत बीपी मंडल इंडोर स्टेडियम में बालक एवं बालिका वर्ग के अंडर-14, 17 एवं 19 आयु वर्ग में कराटे, वुशु, शतरंज, बैडमिंटन, योग एवं कुश्ती प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. कार्यक्रम में रंगकर्मी विकास कुमार के निर्देशन में टीम सृजन दर्पण के कलाकारों ने स्वागत नृत्य एवं बिहार के विभिन्न लोकगीतों पर आधारित नृत्य की प्रस्तुति दी. कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया. समारोह में कबड्डी संघ के सचिव रौशन कुमार, खो-खो संघ के सचिव बालकृष्ण कुमार, शतरंज संघ के सचिव अनुज कुमार, कराटे संघ की सचिव सोनी राज, वुशु संघ के सचिव विवेक कुमार सहित खेल शिक्षक एवं निर्णायक मौजूद रहे.
27 सितंबर को कबड्डी और अन्य खेल होंगे
27 सितंबर, रविवार को बीपी मंडल इंडोर स्टेडियम में अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित होगी. वहीं अंडर-14, 17 एवं 19 आयु वर्ग की रग्बी और हैंडबॉल प्रतियोगिताएं बीएन मंडल स्टेडियम में तथा अंडर-14 बालक वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता शिवनंदन प्रसाद इंटर स्तरीय विद्यालय में आयोजित की जाएगी.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










