मधेपुरा: मधेपुरा जिला मुख्यालय स्थित सार्वजनिक श्री बड़ी दुर्गा स्थान परिसर में रविवार को आगामी दुर्गा पूजा की तैयारियों एवं आयोजन की रूपरेखा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंदिर समिति के अध्यक्ष हरिश्चंद्र साह ने की. इसमें मंदिर समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं पूजा आयोजन से जुड़े लोगों ने भाग लिया. बैठक में आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं भव्य तरीके से संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. पूजा के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया. समिति के सदस्यों ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचते हैं. ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएंगी. मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई नियमित रूप से कराने तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने पर भी विचार किया गया. बैठक में पूजा कार्यक्रम, प्रतिमा स्थापना, सजावट, प्रसाद वितरण, भक्ति कार्यक्रम सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठानों को लेकर भी चर्चा हुई. आयोजन के दौरान प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई. समिति के सदस्यों ने पूजा को लेकर श्रद्धालुओं एवं आम लोगों से सहयोग की अपील की. अध्यक्ष हरिश्चंद्र साह ने कहा कि सार्वजनिक श्री बड़ी दुर्गा स्थान की दुर्गा पूजा वर्षों से आस्था का प्रमुख केंद्र रही है. समिति का प्रयास रहेगा कि इस वर्ष भी पूजा श्रद्धा, भक्ति और आपसी सौहार्द के वातावरण में संपन्न हो. उन्होंने सभी सदस्यों से आयोजन की तैयारियों में सक्रिय सहयोग करने का आग्रह किया. बैठक में उपस्थित सदस्यों ने पूजा को सफल बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव भी दिए.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










