
मधेपुरा: प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि प्राप्त करने के बाद भी घर का निर्माण शुरू नहीं करने वाले लाभार्थियों पर नगर परिषद ने कार्रवाई शुरू कर दी है. ऐसे लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें नोटिस भेजा जा रहा है. नोटिस के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं करने पर योजना के तहत दी गई राशि की वसूली की जाएगी. नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी तान्या कुमारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के घरों की जांच शुरू की है. इसका उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को समय पर आवास योजना का लाभ दिलाने के साथ-साथ राशि प्राप्त करने के बाद निर्माण नहीं कराने वालों पर कार्रवाई करना है. कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि अब तक वार्ड नंबर 13 में 10 लाभार्थियों के घरों की जांच की जा चुकी है. जांच के दौरान कई ऐसे लाभार्थी मिले हैं, जिन्हें घर निर्माण के लिए राशि काफी पहले मिल चुकी है, लेकिन उन्होंने अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है. ऐसे लाभार्थियों को नगर परिषद कार्यालय की ओर से नोटिस जारी कर निर्धारित समय में निर्माण कार्य शुरू करने और नियमानुसार अगली किस्त प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी करने को कहा जाएगा. जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि जिन पात्र लाभार्थियों को योजना की राशि नहीं मिली है, उन्हें राशि नहीं मिलने का कारण क्या है. जांच पूरी होने के बाद इसकी रिपोर्ट तैयार की जाएगी. कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक योजना का लाभ समय पर पहुंचाना नगर परिषद की प्राथमिकता है. नोटिस के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं करने वाले लाभार्थियों से योजना के तहत दी गई राशि की वसूली की जाएगी. नगर परिषद क्षेत्र के अन्य वार्डों में भी लाभार्थियों के घरों की जांच की जाएगी.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....