शिवकुमार बाबू ने मधेपुरा की शैक्षणिक धरातल को सींचने का काम किया: पूर्व कुलपति - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

18 सितंबर 2026

शिवकुमार बाबू ने मधेपुरा की शैक्षणिक धरातल को सींचने का काम किया: पूर्व कुलपति

मधेपुरा: शहर के प्रख्यात विज्ञान शिक्षक स्व. शिवकुमार प्रसाद यादव की 89वीं जयंती शिव करुणा मेमोरियल ट्रस्ट  के बैनर तले समारोहपूर्वक मनाई गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी-साहित्यकार प्रो. (डॉ.) भूपेन्द्र नारायण यादव ‘मधेपुरी’ ने की, जबकि उद्घाटन बीएनएमयू के पूर्व कुलपति प्रो. (डॉ.) आरकेपी रमण ने किया. समारोह की शुरुआत स्व. शिवकुमार प्रसाद यादव एवं करुणा देवी के तैलचित्र पर अतिथियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई. इस अवसर पर ट्रस्ट की सचिव प्रो. रीता कुमारी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया. उन्होंने संस्था की वर्षभर की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी. शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अवकाशप्राप्त शिक्षक अमरेंद्र यादव को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष जंतु विज्ञान विभाग के प्रो. नरेश कुमार रहे. धन्यवाद ज्ञापन पार्वती विज्ञान महाविद्यालय, मधेपुरा के सेवानिवृत्त प्राध्यापक प्रो. (डॉ.) आलोक कुमार ने किया. समारोह को संबोधित करते हुए प्रो. (डॉ.) आरकेपी रमण ने कहा कि शिवकुमार बाबू ने मधेपुरा की शैक्षणिक धरातल को सींचने का काम किया. उन्होंने शिक्षा का दीपक घर-घर जलाया और अपने ज्ञान, अनुशासन एवं कर्मठता से कई पीढ़ियों को प्रभावित किया. पेशे में दक्षता प्राप्त करना ही योग है और शिवकुमार बाबू अपने कार्य के प्रति पूरी तरह समर्पित योगी थे. उन्होंने कहा कि शिवकुमार बाबू की शैक्षणिक विरासत को अक्षुण्ण रखने की जरूरत है. उनकी अनुशासनप्रियता, समयबद्धता और पेशे के प्रति समर्पण आज के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए अनुकरणीय है. शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ियों के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इस दृष्टि से शिवकुमार बाबू का जीवन और कार्य सदैव प्रेरणादायी रहेगा. 

वक्ताओं ने याद किया योगदान

समारोह को लाल बहादुर, प्रो. (डॉ.) नीलकांत, प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार यादव, मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मधेपुरा के डीन सह प्राचार्य प्रो. जयप्रकाश यादव, प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, नवल कुमार, प्रो. विवेक कुमार, डॉ. बीके यादव एवं आण्विका यादव सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया. वक्ताओं ने स्व. शिवकुमार प्रसाद यादव के व्यक्तित्व, कृतित्व एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि शिक्षक के रूप में शिवकुमार यादव ने विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ अनुशासन, परिश्रम और समय के महत्व का भी पाठ पढ़ाया. 

सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने दी प्रस्तुति

जयंती समारोह के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया. इसमें अरुण कुमार बच्चन, उमेश राम एवं रोशन कुमार सहित अन्य कलाकारों ने प्रस्तुति दी. तबले पर डॉ. रवि रंजन कुमार एवं अजय कुमार ने संगत की. कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया. कार्यक्रम का मंच संचालन सेवानिवृत्त शिक्षक मणिभूषण वर्मा ने किया. समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षाविद, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी एवं शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे. उपस्थित लोगों ने स्व. शिवकुमार प्रसाद यादव के आदर्शों एवं शैक्षणिक योगदान को याद करते हुए उनकी विरासत को आगे बढ़ाने की आवश्यकता जताई.

(रिपोर्ट:- सुनीत साना)

पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages