एनएसएस स्वयंसेवक बैठक सह मिलन समारोह में समाजसेवा का लिया संकल्प - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

20 सितंबर 2026

एनएसएस स्वयंसेवक बैठक सह मिलन समारोह में समाजसेवा का लिया संकल्प

मधेपुरा: पार्वती विज्ञान महाविद्यालय, मधेपुरा में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से स्वयंसेवक बैठक सह मिलन समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अंतर्गत विभिन्न महाविद्यालयों के 100 से अधिक एनएसएस स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम का उद्घाटन पार्वती विज्ञान महाविद्यालय के बर्सर प्रो. अशोक कुमार पोद्दार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. ललन कुमार ललन, संगीत विभाग की अध्यक्ष एवं पूर्व एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. रीता कुमारी तथा एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. चंद्रदेव ठाकुर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. डॉ. चंद्रदेव ठाकुर ने अतिथियों एवं स्वयंसेवकों का स्वागत करते हुए एनएसएस के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी. बर्सर प्रो. अशोक कुमार पोद्दार ने कहा कि एनएसएस गेट-टुगेदर कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयंसेवकों, कार्यक्रम पदाधिकारियों एवं संबंधित सदस्यों के बीच आपसी परिचय, भाईचारा और सहयोग की भावना को मजबूत करना है. ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से एनएसएस की गतिविधियों एवं उपलब्धियों को साझा करने के साथ समाजसेवा से जुड़े नए कार्यक्रमों की योजना बनाई जाती है तथा नए और पुराने स्वयंसेवकों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान होता है. 
प्रो. रीता कुमारी ने कहा कि एनएसएस से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाकर परिचय, अनुभव-साझाकरण और समाजसेवा की योजनाओं को आगे बढ़ाना ऐसे आयोजनों का प्रमुख उद्देश्य है. डॉ. ललन कुमार ललन ने कहा कि एनएसएस स्वयं के कल्याण के बजाय दूसरों के कल्याण के लिए कार्य करने की भावना विकसित करता है. इसका मुख्य उद्देश्य समाजसेवा के प्रति जागरूकता पैदा करना है. शिक्षाशास्त्र के प्रो. अजय अंकोला ने स्वयंसेवकों से कहा कि वे स्वयं को साधारण नहीं समझें। वे राष्ट्रीय स्तर के स्वयंसेवक हैं और पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा भूकंप, बाढ़ जैसी आपदाओं के दौरान लोगों की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. उन्होंने स्वयंसेवकों को सामाजिक सुरक्षा और समाज कल्याण का प्रहरी बताया. कार्यक्रम का मंच संचालन महाविद्यालय के छात्र कृष्णा कुमार ने प्रभावी संवाद शैली में किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में नीतीश कुमार, मेघा कुमारी, गौरी कुमारी एवं अमृत कुमार सहित अन्य स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages