उदाकिशुनगंज: मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज अनुमंडल अंतर्गत खाड़ा पंचायत के सुखासनी वार्ड नंबर-13 में एक किसान की करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की भैंस की अचानक मौत हो गई. घटना के बाद किसान विनय कुमार मेहता और उनके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया गया कि किसान अपनी भैंस को चराकर घर वापस लौट रहे थे. घर के दरवाजे के समीप पहुंचते ही अचानक भैंस की तबीयत बिगड़ गई और वह छटपटाने लगी. परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर खाड़ा के पशु चिकित्सक डॉ. राहुल कुमार मौके पर पहुंचे और मृत भैंस की जांच की. चिकित्सक ने आवश्यक जांच-पड़ताल की तथा किसान को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी. किसान विनय कुमार मेहता ने बताया कि भैंस उनके परिवार की आजीविका का महत्वपूर्ण साधन थी. उसकी मौत से परिवार को करीब डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है. किसान ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से भैंस की मौत के कारणों की जांच कराने तथा सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा देय होने पर जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है. स्थानीय लोगों ने भी पीड़ित किसान की आर्थिक स्थिति को देखते हुए नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
(रिपोर्ट:- सोनू कुमार)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










