चांद की पूजा-अर्चना कर मांगी सुख-समृद्धि, श्रद्धा से मना चौरचंद्र पर्व - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

14 सितंबर 2026

चांद की पूजा-अर्चना कर मांगी सुख-समृद्धि, श्रद्धा से मना चौरचंद्र पर्व

मधेपुरा: जिले में चौरचंद्र का पर्व सोमवार को श्रद्धा एवं पारंपरिक तरीके से मनाया गया. पर्व को लेकर सुबह से ही घरों में तैयारियां शुरू हो गई थीं. महिलाओं ने स्नान-ध्यान के बाद भगवान चंद्रमा की पूजा-अर्चना के लिए विभिन्न प्रकार के पकवान और प्रसाद तैयार किए. शाम होते ही घरों के आंगन एवं छतों पर पूजा की तैयारी पूरी की गई. मान्यता के अनुसार चौरचंद्र पर्व के अवसर पर चंद्रमा की पूजा करने से परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है. पर्व को लेकर महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला. शाम के समय चंद्रमा के उदय होने के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अर्घ्य अर्पित किया. इसके बाद प्रसाद का वितरण किया गया. 
पर्व के दौरान घरों में पारंपरिक पकवान बनाए गए. लोगों ने अपने परिवार के साथ पूजा में हिस्सा लिया. कई स्थानों पर पड़ोस की महिलाएं भी एक-दूसरे के घर पहुंचकर पूजा में शामिल हुईं और पर्व की शुभकामनाएं दीं. ग्रामीण क्षेत्रों में पर्व का पारंपरिक स्वरूप अधिक देखने को मिला, जहां लोगों ने पुरानी रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की. चौरचंद्र पर्व को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल रही. पूजा सामग्री, फल, मिठाई और अन्य आवश्यक सामानों की खरीदारी के लिए लोग बाजार पहुंचे. पर्व को लेकर बच्चों में भी खासा उत्साह रहा. बुजुर्गों ने बताया कि चौरचंद्र पर्व मिथिला और कोसी क्षेत्र की समृद्ध लोक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है. बदलते समय के बावजूद लोग आज भी अपनी परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं को जीवंत रखने के लिए इस पर्व को श्रद्धा के साथ मनाते हैं. इस दौरान परिवार के लोगों ने एक साथ पूजा कर आपसी प्रेम, सौहार्द और सुख-समृद्धि की कामना की.

(रिपोर्ट:- सुनीत साना)

पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages