31 अक्टूबर तक जिला स्तरीय युवा उत्सव कराने का निर्देश, भाषण की जगह नुक्कड़ नाटक शामिल - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

10 अक्टूबर 2026

31 अक्टूबर तक जिला स्तरीय युवा उत्सव कराने का निर्देश, भाषण की जगह नुक्कड़ नाटक शामिल

मधेपुरा: बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के तहत जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 31 अक्टूबर 2026 तक अनिवार्य रूप से कराने का निर्देश दिया है. उत्सव के माध्यम से विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों का चयन किया जाएगा, जो राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. कला एवं संस्कृति विभाग के सांस्कृतिक कार्य निदेशालय की निदेशक द्वारा राज्य के सभी जिला पदाधिकारियों को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निदेश दिया है. विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा जारी संशोधित कॉन्सेप्ट नोट में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है. इसके तहत वक्तृता (भाषण) विधा के स्थान पर नुक्कड़ नाटक को शामिल किया गया है. 
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी ने बताया कि संशोधित निर्देश के अनुसार जिला स्तरीय युवा उत्सव में विभिन्न विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कलाकारों का चयन किया जाएगा. चयनित कलाकारों की सूची दल नेता के साथ तैयार कर सांस्कृतिक कार्य निदेशालय को उपलब्ध करानी होगी. सूची में कलाकारों के नाम, पता, मोबाइल नंबर सहित अन्य आवश्यक विवरण देना अनिवार्य है. पत्र में स्पष्ट किया गया है कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के तहत विकसित भारत चैलेंज ट्रैक एवं अन्य कार्यक्रमों का आयोजन युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार द्वारा कराया जाएगा. वहीं, कल्चरल ट्रैक के अंतर्गत जिला एवं राज्य स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन कला एवं संस्कृति विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा. इस पहल का उद्देश्य युवाओं को अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना तथा राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करने के लिए योग्य कलाकारों का चयन करना है.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages