गोपाष्टमी महोत्सव की तैयारी पूरी, गोशाला परिसर में सजेगा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंच - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

22 नवंबर 2026

गोपाष्टमी महोत्सव की तैयारी पूरी, गोशाला परिसर में सजेगा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंच

मधेपुरा: रविवार से गोशाला परिसर में शुरू होने वाले तीन दिवसीय राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव की तैयारियों को जिला प्रशासन ने शनिवार देर रात अंतिम रूप दे दिया. जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन, महोत्सव संचालन समिति के अध्यक्ष सह उप विकास आयुक्त अरुण कुमार तथा सदस्य सचिव सह कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी ने जिलेवासियों से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की है. जिला प्रशासन की ओर से बेहतर आयोजन के साथ-साथ दर्शकों की सुविधा के लिए आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है. मीडिया प्रभारी डॉ. हर्षवर्धन सिंह राठौर ने बताया कि खराब मौसम के बावजूद शनिवार को संचालन समिति के अध्यक्ष उप विकास आयुक्त अरुण कुमार एवं सदस्य सचिव सह कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी लगातार तैयारियों का जायजा लेते रहे. इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रह जाए. 
कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी के हवाले से डॉ. हर्षवर्धन सिंह राठौर ने बताया कि राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव का उद्घाटन कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार करेंगे. बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मधेपुरा के सांसद दिनेश चंद्र यादव एवं सुपौल के सांसद दिलेश्वर कामत विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे. इसके अलावा सदर विधायक प्रो. चंद्रशेखर, सिंहेश्वर विधायक प्रो. रमेश ऋषिदेव, बिहारीगंज विधायक निरंजन कुमार मेहता तथा विधान पार्षद डॉ. एनके यादव, डॉ. संजीव सिंह, ललन सर्राफ एवं डॉ. अजय सिंह सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. वहीं कोशी प्रमंडल के आयुक्त दिनेश कुमार एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कुमार आशीष की गरिमामयी उपस्थिति भी कार्यक्रम की खास आकर्षण होगी. कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी ने बताया कि जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक में महोत्सव में शामिल होने के लिए विभिन्न स्तरों पर आमंत्रण भेजा गया है. इसके साथ ही प्रचार वाहन, होर्डिंग एवं मीडिया के माध्यम से भी लगातार जिलेवासियों से महोत्सव में शामिल होने की अपील की जा रही है. 

तीनों दिन स्थानीय कलाकारों के साथ नामचीन गायकों की प्रस्तुति

तीन दिवसीय राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए मीडिया प्रभारी डॉ. हर्षवर्धन सिंह राठौर ने बताया कि 22, 23 एवं 24 नवंबर को प्रतिदिन संध्या पांच बजे से रात्रि दस बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे. कार्यक्रम के पहले सत्र में स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा. पहले दिन प्रसिद्ध गायिका स्नेह उपाध्याय, दूसरे दिन सा रे गा मा पा फेम हर्षप्रीत कौर तथा अंतिम दिन ख्यातिप्राप्त पार्श्व गायक देवाशीष दास गुप्ता अपनी प्रस्तुति देंगे. इन कलाकारों की प्रस्तुतियां महोत्सव को यादगार बनाएंगी. जिला प्रशासन ने प्रत्येक दिन मंच पर प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को सम्मानित करने का भी निर्णय लिया है.

(रिपोर्ट:- ईमेल)

पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages