बिजली उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी, ऑनलाइन भुगतान करने पर मिलेगी अतिरिक्त छूट - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

23 अप्रैल 2020

बिजली उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी, ऑनलाइन भुगतान करने पर मिलेगी अतिरिक्त छूट

मधेपुरा: कोरोना वायरस के खतरनाक संक्रमण को लेकर जारी लॉकडाउन के बीच बिजली कंपनी उपभोक्ताओं को हरसंभव सुविधा मुहैया कराने को प्रयासरत है. अब लॉकडाउन के बीच बिजली बिल के कलेक्शन को लेकर भी कंपनी ने फोकस करना शुरू कर दिया है.

उपभोक्ताओं को मार्च व अप्रैल का बिल उनके पिछले तीन माह के वास्तविक औसत खपत के हिसाब से उपलब्ध कराया जा रहा है. विदित हो कि संक्रमण के कारण घर-घर मीटर रीडिंग व स्पॉट बिलिंग पर तत्काल रोक लगने से एवरेज बिलिंग पर ही उपभोक्ताओं को बिजली बिल का भुगतान करने को कहा जा रहा है.

लॉकडाउन के समाप्त होने के बाद वास्तविक मीटर रीडिंग प्राप्त कर बिल का समायोजन किया जाएगा. जानकारी देते हुए जेईई अमित कुमार ने बताया कि बिजली बिल का भुगतान ऑनलाइन व निर्धारित समय से करने पर ढाई फीसदी की छूट दी जाती थी. लेकिन अब जून 2020 तक ऑनलाइन भुगतान करने पर एक फीसदी अतिरिक्त छूट मिलेगी.

यानी अब समय पर बिजली बिल ऑनलाइन जमा करने पर उपभोक्ताओं को 3.5% की छूट मिलेगी. साथ ही उन्होंने कहा जिन उपभोक्ताओं को ऑनलाइन जमा करने में किसी प्रकार की कोई दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है, तो उनके लिए शहरी क्षेत्र मधेपुरा, सिंघेश्वर एवं मुरलीगंज में सीएसपी के प्रतिनिधि को नियुक्त किया गया है.

वह सभी मास्क एवं सैनिटाइजर का उपयोग करते हुए अपनी सुरक्षा का ध्यान रख घर- घर जाकर विद्युत विपत्र का राजस्व संग्रहण का कार्य करेंगे. एवं ग्रामीण क्षेत्र में पूर्व की भांति उस पंचायत के आरआरएफ घर- घर जाकर बिजली बिल जमा लेंगे.

अगर किन्ही उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की कोई समस्या हो तो कस्टमर विभाग द्वारा जारी किया केयर के नंबर 9264456423 अपना शिकायत दर्ज़ कर सकते हैं. जेईई ने अपने उपभोक्ताओं से अपील किया कि फ्री बिजली बिल संबंधित अफवाह से बचे. इस प्रकार की कोई भी सूचना कंपनी से मुख्यालय को अभी तक प्राप्त नहीं हुई है.

Post Bottom Ad

Pages