मुरलीगंज: मुरलीगंज ब्लाॅक में शनिवार को करीब 1 बजे जमीन संबंधी काम से पहुंचे व्यक्तियों और बीडीओ के बीच जमकर गाली-गलौज और मारपीट हुई. इस घटना के बाद बीडीओ ललन कुमार चौधरी ने तीन व्यक्तियों के विरुद्ध थाना में मामला दर्ज कराया है.
हलांकि सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त तीनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया है. बताया गया कि दीनापट्टी सखुआ पंचायत के तीन व्यक्ति शनिवार को जमीन संबंधी काम से सीओ से मिलने पहुंचे. प्रखंड मुख्यालय में कोरोना संबंधी आवश्यक काम कर रहे बीडीओ ललन कुमार चौधरी से दीनापट्टी वार्ड नं. 2 के जयनारायण यादव ने सीओ के बारे जानकारी लेनी चाही.
इसी बीच उक्त व्यक्ति जयनारायण यादव के पुत्र जयंत यादव और वार्ड नं. 2 के ही अनमोल यादव से बीडीओ की कहासुनी होने लगी. बात इतनी बढ़ गई कि एक-दूसरे के बीच मारपीट तक हो गई. इतने में ब्लाॅक में कार्यरत गार्ड भी वहां पहुँचे. सूचना मिलते ही थाना से पदाधिकारी एवं पुलिस बल ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर उक्त तीनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया.
थाना प्रभारी एसआई धनेश्वर मंडल ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर तीनों व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है. वहीं हिरासत में लिए गए व्यक्ति जयंत यादव ने बताया कि बीडीओ ललन कुमार चौधरी उनके पिता जयनारायण यादव जिनकी उम्र करीब 65 वर्ष है, के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रहे थे.
इस बात पर उन्होंने बीडीओ साहब से कहा कि वरीय पदाधिकारी का ऐसा बर्ताव अशोभनीय है. इतने में बीडीओ भड़क उठे और गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की करने लगे. जिसपर बीच-बचाव में हाथापाई हुई. इधर बीडीओ ललन कुमार चौधरी ने बताया कि कुछ लोग प्रखंड कार्यालय में आकर मुझसे अंचलाधिकारी के कार्यालय के बारे में पूछने लगे.
जिसपर बताया कि सीओ का कार्यालाय बगल वाला चेम्बर में है. इतने में वे लोग झड़प करने लगे और मारपीट पर उतारू हो गए. हालांकि हिरासत में लिए गए व्यक्ति ने यह भी कहा कि सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर हकीकत सामने आ जाएगी.












