बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा आज, परीक्षार्थियों को साथ में ले जाना होगा सेनिटाइजर का बोतल - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

22 सितंबर 2020

बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा आज, परीक्षार्थियों को साथ में ले जाना होगा सेनिटाइजर का बोतल

डेस्क : मधेपुरा जिले के 24 परीक्षा केंद्रों पर आज यानी 22 सितंबर को संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर तैयारी पूरी कर ली गयी है। जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला को जोनल कॉर्डिनेटर बनाया गया है। जबकि एडीएम उपेंद्र कुमार को सहायक जोनल कॉर्डिनेटर बनाया गया है। 
परीक्षा को कदाचार मुक्त व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर 24 दंडाधिकारी और 24 पुलिस पदाधिकारियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा परीक्षा की देखरेख के लिए अलग से 16 दंडाधिकारी व 16 पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गयी है। परीक्षा केंद्रों की देख-रेख की पूरी जिम्मेदारी सदर एसडीओ नीरज कुमार तथा सदर डीएसपी अजय नारायण यादव को सौंपी गयी है। सहायक जोनल कॉर्डिनेटर के साथ मुख्यालय डीएसपी अमरकांत चौबे को लगाया गया है। 
परीक्षा में कुल 7099 परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षा संचालन के लिए ललित नारायण विश्वविद्यालय को नोडल विश्वविद्यालय बनाया गया है। एलएनएमयू के नोडल पदाधिकारी के निर्देशानुसार परीक्षा का संचालन जोनल कॉर्डिनेटर सह डीएम के पत्र के आलोक में किया जा रहा है। इसके लिए जिला मुख्यालय में नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। जिला कार्यक्रम प्रबंधक मो. एनामुल हसन को नियंत्रण कक्ष का प्रभारी बनाया गया है। परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की परेशानियों के लिए दूरभाष संख्या-06476-222220 पर संपर्क किया जा सकता है। 

कोरोना संक्रमण से बचने के लिए दिए गए निर्देश : 

परीक्षा के दौरान कोरोना संक्रमण से बचने के लिए डीएम ने केंद्राधीक्षकों को कई निर्देश दिए हैं। एसएनपीएम प्लस टू स्कूल के केंद्राधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि सभी परीक्षा कक्षों को सैनिटाइज किया गया है। परीक्षा से जुड़े सभी वीक्षकों व कर्मियों को मास्क तथा दस्ताना दिया गया है। परीक्षार्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे मास्क पहन कर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश करें। उनके साथ सैनिटाइजर का छोटा बोतल रहना आवश्यक है। 

इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखने का भी निर्देश दिया गया है। परीक्षा दिन के 11 बजे से शुरु होकर एक बजे तक चलेगी, लिहाजा परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पूर्व ही आने का निर्देश जारी किया गया है। परीक्षा केंंद्र परिसर में प्रवेश के पूर्व परीक्षार्थियों की जांच लेजर तापमापी यंत्र से करायी जाएगी।

कोरोना के कारण दो बार टल चुकी है परीक्षा की तिथि


जानकारी के अनुसार परीक्षा का आयोजन 29 मार्च को होना था। किंतु कोरोना संक्रमण को लेकर लगाए गए लॉकडाउन के कारण परीक्षा को स्थगित करना पड़ा। इसके बाद पुन: घोषणा की गयी कि परीक्षा 19 जुलाई को होगी। किंतु कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए उस तिथि में भी परीक्षा का आयोजन नहीं किया गया। इसके बाद जब लॉकडाउन समाप्त हो गया तो परीक्षा की तिथि 22 सितंबर को निर्धारित की गयी।

Post Bottom Ad

Pages