ट्रेन सफर हुआ महंगा : प्रतियोगिता परीक्षाओं में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की जेबें हो रही ढ़ीली - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

4 सितंबर 2020

ट्रेन सफर हुआ महंगा : प्रतियोगिता परीक्षाओं में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की जेबें हो रही ढ़ीली


डेस्क : रेलवे ने सहरसा से पटना जाने वाली कई ट्रेनों के किराए में बढ़ोतरी की है। शुक्रवार यानी 4 सितंबर से सहरसा से पटना के लिए चलने वाली तीनों एक्सप्रेस ट्रेनों के किराए में 30 से 45 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। एनडीए, नीट सहित अन्य प्रतियोगिता परीक्षाओं में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की जेब पर ये किराया भारी पड़ रहा है।

आपको बता दें कि 4 सितंबर से समस्तीपुर रेल डिवीजन ने परीक्षार्थियों सहित आम यात्रियों की सुविधा को देखते हुए जनहित, राज्यरानी और इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन 15 सितंबर तक के लिए शुरू किया जा रहा है।

15 सितंबर तक सहरसा से चलेगी तीन स्पेशल ट्रेन :

दैनिक भास्कर में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, अब सहरसा से पटना या खगड़िया जाने का एक्सप्रेस ट्रेन में आरक्षित टिकट का एक ही किराया भरना होगा। हालांकि रेल विभाग तीनों ट्रेनों को 15 सितंबर तक स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाने जा रहा है। देखना है कि 15 सितंबर के बाद जब ट्रेनों का परिचालन सामान्य होता है तो काेराेना संकट से पहले वाला किराया रहेगा या फिर बढ़ोतरी की गई दर ही लागू रहेगा। आश्चर्य की बात यह है कि रेल ने सभी क्लास के टिकटें काफी महंगी कर दी गयी है। ऐसे में सभी सीटें जहां आरक्षित है। वहीं आरक्षित टिकटों को पाने के लिए रेल मनमाना किराया वसूल रहा है। ऐसे में सीटों की संख्या कम और उनके मूल्य में बढ़ोतरी से यात्री को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।

पटना जाने के लिए अब 420 के जगह देने होंगे 575 :


सहरसा-पटना के बीच चलने वाली राज्यरानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन में जहां एसी चेयर कार का किराया 420 रुपए निर्धारित था, उसे बढ़ा कर अब 575 रुपए कर दिया गया है। इसी ट्रेन में जनरल बोगी में पटना तक सफर का किराया 95 रुपए निर्धारित था, उसे अब बढ़ाकर 125 रुपए कर दिया गया है। यानी इसमें भी कुल 30 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई है। सहरसा से राजेन्द्र नगर के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन में चेयर कार का किराया 375 रुपए था, उसे बढ़ाकर 470 रुपए कर दिया गया है। इसके लिए आपको 95 रुपए अधिक किराया देने पड़ेंगे। वहीं जहां सिटिंग के एक टिकट के लिए पहले 85 रुपए निर्धारित था, उसे बढ़ाकर अब 110 रुपए कर दिया गया है। यानी सिटिंग टिकट के लिए भी आपको 25 रुपए अतिरिक्त किराया भरना पड़ेगा।

जनहित एक्सप्रेस से सफर करने पर 725 के जगह लगेंगे 1025 रुपए :

सहरसा से पाटलिपुत्र के लिए चलने वाली एक और ट्रेन जनहित एक्सप्रेस के टू एसी कार के लिए पहले 725 रुपए लिए जाते थे, जिसे बढ़ाकर 1025 रुपए कर दिया गया है। इसमें 300 रुपए अधिक राशि भरनी होगी। वहीं अगर थ्री एसी कार की बात करें तो पहले इसका किराया 535 रुपए निर्धारित था, जिसे बढ़ाकर 770 रुपए कर दिया गया है। उक्त ट्रेन के जनरल स्लीपर क्लास का किराया 180 रुपए की जगह अब 260 रुपए देना होगा। यानी गरीबों के इस क्लास में भी 80 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई है। वहीं अगर सिटिंग की बात करें तो जनहित में 85 रुपए का पटना का टिकट 110 रुपए कर दिया गया है।

बिना रिजर्वेशन के नहीं कर पाएंगे सफर :

बताया गया कि समस्तीपुर डिवीजन की ओर से जारी नई दर में जनहित, राज्यरानी एवं इंटरसिटी के किराए में बढ़ोतरी की गई है। सभी सीटें आरक्षित है। इसके लिए टिकट कटाना आवश्यक है। आपको खगड़िया जाना हो या पटना...! आप बिना रिजर्वेशन के उक्त तीनों ट्रेन में सफर नहीं कर पाएंगे। साथ ही खगड़िया और पटना के लिए भी उपयुक्त किराया ही चुकाना पड़ेगा।

Post Bottom Ad

Pages