सिंहेश्वर: जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कालेज एंड हॉस्पिटल में एक बार फिर परिचारिका ए ग्रेड स्टाफ नर्सों ने मानदेय भुगतान को लेकर अधीक्षक कार्यालय के आगे सोमवार को हंगामा किया. इस दौरान साथ क्लर्क पर 20 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप भी लगाया गया. इस बाबत एएनएम प्रियंका कुमारी ने बताया कि हम लोग चयन के बाद 3 मार्च 2020 से ही मेडिकल कॉलेज में कार्यरत हैं और स्थायी नियुक्ति के कारण राज्य सरकार और मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक के आदेश से हम लोगों को 20 अगस्त 2020 को विरमित कर दिया गया.
तब हम लोगों को स्थायी नौकरी मिली और संबंधित स्थान पर योगदान के लिए चले गए. जहां जाने से पहले और इस दौरान सिर्फ मार्च और अप्रैल का ही हम लोगों को भुगतान 135 में से 117 कर्मियों का किया गया. उसमें भी 18 लोगों को कुछ नहीं दिया गया है. बाकी बचे चार माह का भुगतान अभी तक नहीं किया जा सका है. कहा कि हम लोगों के द्वारा बार-बार आग्रह करने के बावजूद बरगला दिया जाता है. साथ ही उन्होंने कहा कि इस दौरान कोविड-19 में मिलने वाली प्रोत्साहन राशि भी नहीं दी गई है. वहीं, अधीक्षक का कहना है कि मैनपावर नहीं है. इसलिए अभी हम सैलरी देने में असमर्थ है. एएनएम प्रियंका कुमारी के साथ कई ए-ग्रेड स्टाफ नर्स ने बताया कि क्लर्क का कहना है कि सैलरी के भुगतान के लिए 20 प्रतिशत देने पर 7 दिन के अंदर भुगतान कर दिया जाएगा. इस बाबत सहायक क्लर्क ने बताया एलॉटमेंट नहीं आया है. जिसके कारण भुगतान नहीं हो रहा है.
वहीं, 20 प्रतिशत के आरोप को एक सिरे से खारिज करते हुए कहा कि एक भी स्टाफ नर्स यह कह दे कि मैं उन्हें पहचानता भी हूं. भुगतान नहीं होने के कारण महिला होने का लाभ उठाकर बेबुनियाद आरोप लगा रही हैं. सभी ए ग्रेड स्टाफ ने अधीक्षक और प्रिंसिपल से मिलकर अपना आवेदन दिया. इस बाबत जेएनकेटी मेडिकल कालेज के अधीक्षक डाॅक्टर राकेश कुमार ने बताया कि मैन पावर की कमी है. फिर भी जितना एलाटमेंट है, उसमें एक माह का भुगतान 7 दिन के अंदर हो जाएगा. एलाटमेंट के लिए सरकार को लिखा गया है. हर साप्ताहिक वीसी में बताया जा रहा है.
मौके पर अनुष्का राय, मीनाक्षी पाठक, सुनील कुमार, शिप्रा कुमारी, रिंकू कुमारी, प्रीति कुमारी, राखी कुमारी, रचना राज, प्रीति प्रिया, विनीता कुमारी, अनु कुमारी, सानिया राज, नितेश कुमार, राजेश कुमार व कुणाल कुमार सहित अन्य एएनएम भी मौजूद थीं.
(रिपोर्ट:- गणेश कुमार गुप्ता)










