25 को व्याख्यानमाला का आयोजन - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

21 मार्च 2021

25 को व्याख्यानमाला का आयोजन

मधेपुरा: विश्व दर्शन दिवस के उपलक्ष्य में 25 मार्च गुरुवार को केंद्रीय पुस्तकालय सभागार में भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद् द्वारा संपोषित व्याख्यान माला का आयोजन किया जाएगा. इस अवसर पर दो आमंत्रित वक्ताओं का व्याख्यान होगा. दर्शन परिषद्, बिहार के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. प्रभु नारायण मंडल शिक्षा, समाज एवं नैतिकता विषय पर व्याख्यान देंगे. गाँधी विचार विभाग, तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय, भागलपुर के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. विजय कुमार का व्याख्यान समकालीन चुनौतियाँ और गाँधी विषय पर होगा. 

यह जानकारी जनसंपर्क पदाधिकारी डाॅ. सुधांशु शेखर ने दी. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्घाटन भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद्, नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. रमेशचन्द्र सिन्हा और अध्यक्षता कुलपति प्रोफेसर डॉ. राम किशोर प्रसाद रमण करेंगे. मुख्य अतिथि प्रति कुलपति प्रोफेसर डॉ. आभा सिंह होंगी. उन्होंने बताया कि विश्व दर्शन दिवस प्रत्येक वर्ष  नवंबर महीने के तीसरे गुरूवार को मनाया जाता है. यह महान मानवतावादी विचारक सुकरात सहित उन सभी दार्शनिकों के सम्मान में मनाया जाता है, जिन्होंने सम्पूर्ण विश्व को स्वतंत्र विचारों के लिए स्थान उपलब्ध कराया.  
इस दिवस का उद्देश्य दार्शनिक विरासत को साझा करने के लिए विश्व के सभी लोगों को प्रोत्साहित करना और वैचारिक सहिष्णुता को बढ़ावा देना है. यह विरोधी विचारों का भी सम्मान करने और समसामयिक चुनौतियों के समाधान हेतु विचार-विमर्श करने की प्रेरणा देता है. उन्होंने बताया कि बीएनएमयू, मधेपुरा में विश्व दर्शन दिवस का आयोजन वर्ष 2019-20 में ही होना था. लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण अब तक नहीं हो पाया था. 

अब दर्शन परिषद्, बिहार के सम्मेलन की सफलता के बाद इसे आयोजित करने का निर्णय लिया गया है. इस बावत शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत संचालित आईसीपीआर, नई दिल्ली से अनुमति पत्र प्राप्त हो चुका है. 
(रिपोर्ट:- ईमेल) 
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages