जिले में कुल लक्ष्य 13,70,492 के विरुद्ध रविवार तक कुल 9,66,138 लोगों को प्रथम डोज की वैक्सीन दी जा चुकी हैं. इस प्रकार लक्षित जनसंख्या के 70.5 प्रतिशत लोग प्रथम डोज के अंतर्गत आच्छादित किए जा चुके हैं। वहीं लक्षित जनसंख्या के 27 प्रतिशत यानी कुल 2,60,884 लोगों को टीके की दोनों डोज लगायी जा चुकी है. जिले के सिविल सर्जन डॉ अमरेन्द्र नारायण शाही ने कहा कि कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की आशंकाओं के बीच आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं. छठ पूजा के मौके पर लोग कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करें एवम् इसके अनुरूप ही व्यव्हार करें.
उन्होंने कहा कि भारत ने कोविड वैक्सीन की 100 करोड़ से अधिक खुराक देने का मील का पत्थर हासिल कर लिया है, लेकिन विशेष रूप से त्यौहारों के दौरान सतर्क रहना महत्वपूर्ण है. जिन्हें अत्यधिक सावधानी के साथ मनाया जाना चाहिए. इसलिए सिविल सर्जन ने जिलेवासियों से कोरोना नियमों का पालन करते हुए त्यौहार मनाने की अपील की है. सिविल सर्जन ने कहा कि मतदाता सूची के आधार पर आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर किये गये महासर्वे के अनुसार वंचित लभार्थियों एवं दूसरे डोज का समय हो चुके लोगों को इस महाअभियान के दौरान निश्चित रूप से टीका लग पाये इसके लिए वंचितों को जागरूक करने की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की सहयोगी संस्था डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ, यूएनडीपी, केयर इंडिया एवं अन्य के प्रतिनिधियों को दी गई है. इस कार्य में प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, सामुदायिक उत्प्रेरक, जीविका दीदी, आशा, आंगनबाड़ी सेविका आदि से भी अपेक्षित सहयोग लगातार लिया जा रहा है.
(रिपोर्ट:- रामानन्द कुमार)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....








