पुलिस के अनुसार, महिला का शव उसके घर से करीब 700 मीटर पूर्व स्थित बांसबाड़ी से बरामद किया गया. शव बोरी में बंद था. उसकी कलाई पर गोदना से पति का नाम लिखा मिला, जिससे उसकी पहचान की गई. घटनास्थल से एक मोटी रस्सी भी बरामद हुई है, जिस पर बाल लिपटे मिले हैं. एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात महिला बच्चों के साथ खाना खाकर घर में सोई थी. मृतका की बड़ी बेटी ने पुलिस को बताया कि उसकी बड़ी मम्मी ने कहा था कि उसकी मां कहीं बाहर गई है. इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नयानगर की एक महिला की हत्या कर शव छिपा दिया गया है. सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस महिला के घर पहुंची, लेकिन परिजन और आसपास के लोग कुछ भी बताने से बचते रहे. इसके बाद पुलिस ने करीब तीन घंटे तक घर के आसपास और बांसबाड़ी की झाड़ियों में तलाश की, तब जाकर बोरी में बंद शव बरामद हुआ.
स्थानीय लोगों के अनुसार तीन दिन पहले रात में महिला अपने ही घर में गांव के एक बिजली मिस्त्री के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ी गई थी. इसके बाद सामाजिक पंचायत हुई, जिसमें युवक को छोड़ दिया गया. बताया जाता है कि महिला अपने बच्चों के साथ अपने पति के पास जाकर रहना चाहती थी, लेकिन उससे पहले ही उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला के गले के बाएं, दाएं, सामने तथा पीछे की ओर ऊपर तक काले रंग के गहरे निशान पाए गए हैं. घटना की सूचना मिलते ही मृतका के पिता भी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने बेटी के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है. हालांकि, पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है. पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
(रिपोर्ट:- सोनू कुमार)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....









